महुआडांड़ में प्रशासन का चाबुक: ओवरलोड स्कूल वैन और बिना हेलमेट चालकों पर बड़ी कार्रवाई, कटा चालान

महुआडांड़। लातेहार जिले के महुआडांड़ में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को बिरसा चौक के पास जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) उमेश मंडल के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दर्जनों नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान काटा गया।

इस जांच अभियान में महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, एसआई बंधन तिर्की और पुलिस बल के जवान तैनात रहे। अधिकारियों ने चौराहे से गुजरने वाले दोपहिया-चारपहिया वाहनों, यात्री बसों और विशेष रूप से स्कूली वाहनों की गहन जांच की।

इन नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई:

  • स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर सख्ती।
  • बाइक पर ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट चालकों पर जुर्माना।
  • यात्री बसों के फिटनेस, बीमा, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस की बारीकी से जांच।

डीटीओ उमेश मंडल ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वैन संचालकों को तय सीमा के भीतर ही बच्चों को बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और सभी जरूरी कागजात साथ रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसा अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *