रांची: राजधानी को जाम मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए रांची नगर निगम (RMC) इन दिनों फुल एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में डीपीएस चौक से लेकर मेकॉन तक एक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई से सड़क और फुटपाथों पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।
स्कूल-कॉलेज के पास चल रही अवैध दुकानें हटाईं, मनचलों पर कड़ा प्रहार
अभियान के दौरान टीम ने शैक्षणिक संस्थानों और आवासीय परिसरों के पास चल रही कई अवैध दुकानों को हटा दिया। इन दुकानों पर तंबाकू, सिगरेट, पान और गुटखा जैसी सामग्री बेची जा रही थी, जिसकी वजह से वहाँ असामाजिक तत्वों और मनचलों का जमावड़ा लगा रहता था। स्थानीय लोगों की ओर से छेड़खानी और सुरक्षा से जुड़ी कई शिकायतें मिलने के बाद नगर निगम ने यह सख्त कदम उठाया और दुकानदारों को दोबारा वहाँ न भटकने की चेतावनी दी।
यातायात ठप करने वाले दो अवैध गैरेज ध्वस्त
सड़क किनारे अवैध रूप से चल रहे दो बड़े गैरेजों पर भी निगम का डंडा चला। ये संचालक सड़कों पर ही गाड़ियां पार्क कर देते थे, जिससे इस रूट पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी। टीम ने सड़क किनारे बने इनके अस्थायी ढांचों को ढहा दिया है और संचालकों को बची हुई गाड़ियां हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
