रांची: राजधानी के लोअर बाजार इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। 21 वर्षीय सजबीन परवीन का शव उसके कमरे से बरामद किया गया है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है।
क्या है मामला
लोअर बाजार थाना क्षेत्र के रमजान कॉलोनी में अपने ससुराल में रह रही सजबीन परवीन का शव उसके कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रांची पहुंचे और हंगामा करने लगे। इस दौरान मायके और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हो गई। सूचना पर लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
मृतका के परिजनों का कहना है कि ससुराल में सजबीन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप दे दिया।
जांच में जुटी पुलिस
लोअर बाजार पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से कर रही है। थाना प्रभारी रणविजय शर्मा के अनुसार आत्महत्या का समय सोमवार रात करीब 8 बजे बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस को सूचना रात लगभग 2 बजे दी गई, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।
फिलहाल मृतका के पति को हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिस कमरे से शव बरामद हुआ है, वहां एफएसएल टीम द्वारा जांच कराई गई है।
13 जून 2025 को हुई थी शादी
मृतका के भाई के अनुसार सजबीन परवीन की शादी 13 जून 2025 को रांची के एक होटल में धूमधाम से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति जहीर उसे प्रताड़ित करने लगा और मायके से संपत्ति में हिस्सा व अलग-अलग समय पर पैसों की मांग करता रहा। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
