झारखंड में ठंड ने दी दस्तक, रांची में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिरा, सर्दी के मामले में गुमला दूसरे स्थान पर

झारखंड में ठंड ने दी दस्तक, रांची में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिरा, सर्दी के मामले में गुमला दूसरे स्थान पर

रांची: झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ने लगा है। रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुमला में 7.6 डिग्री, खूंटी में 7.9 डिग्री, डाल्टनगंज में 8.1 डिग्री, लातेहार और लोहरदगा में 8.5 डिग्री, हजारीबाग में 8.6 डिग्री तथा सरायकेला में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिम से उत्तरी हवाओं के चलने के कारण ठंड में इजाफा हुआ है।

चाईबासा में सबसे अधिक तापमान 27.8 डिग्री

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा 16 जनवरी 2025 को सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम में 27.2 डिग्री, सरायकेला में 27.0 डिग्री, जमशेदपुर में 26.6 डिग्री, बोकारो में 26.5 डिग्री, देवघर में 26.4 डिग्री और पाकुड़ में 26.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री या उससे नीचे रहा, जबकि रांची में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री के बीच रहने की संभावना

मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 से 19 दिसंबर तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी। इस अवधि में दिन का तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं सुबह के समय तापमान में और गिरावट हो सकती है। खासकर रांची, गुमला, डाल्टनगंज, लातेहार और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इस मौसम में ठंड लगने, सर्दी-खांसी और ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा बना रहता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *