रांची: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात युवती से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को सफलता मिली है। विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो किशोरों को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप मुंडा उर्फ रावन और सुनील मुंडा के रूप में हुई है।
करमा मेला देखकर लौट रही युवती को बनाया था शिकार
पीड़िता ने 26 सितंबर को रातू थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, बीते 22 सितंबर की रात वह चटकपुर पंचायत क्षेत्र में करमा पर्व का मेला देखकर लौट रही थी। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने उसे अकेला देखकर जबरन अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपियों ने जाते-जाते पीड़िता की सोने की चेन भी छीन ली थी, जिसे बाद में बेच दिया गया।
SIT ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दबोचा
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि मेला देखकर लौटते वक्त उन्होंने पीड़िता को फोन पर बात करते हुए देखा और सुनसान जगह का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
मोबाइल से मिले अहम साक्ष्य
पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप मुंडा के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें घटना से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। पुलिस गिरफ्तार बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने और निरुद्ध किए गए दोनों किशोरों को बाल अदालत में प्रस्तुत करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
