पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राजधानी पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया। हरी झंडी दिखाकर सेवा को रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम न केवल गंगा पार के दियारा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी रफ्तार देगा।
6 ग्राम पंचायतों की 66 हजार आबादी को फायदा
इस निःशुल्क फेरी सेवा के शुरू होने से दानापुर दियारा इलाके की 6 ग्राम पंचायतों में रहने वाली 66 हजार से अधिक की आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा। अब तक नावों के भरोसे असुरक्षित यात्रा करने को मजबूर स्थानीय लोगों को अब सुरक्षित, सुचारू और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
किसान, विक्रेता और कर्मचारियों को मिलेगी सहूलियत
लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि इस सेवा का सबसे बड़ा फायदा स्थानीय किसानों, फल-सब्जी और दूध विक्रेताओं को होगा, जो रोज अपनी उपज बेचने शहर आते हैं। इसके अलावा दियारा क्षेत्र के विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और पंचायत कार्यालयों में रोजाना आने-जाने वाले सरकारी कर्मियों, शिक्षकों और छात्रों के लिए भी यह फेरी सेवा वरदान साबित होगी।
