नई दिल्ली: कांग्रेस की संसदीय दल की अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक ब्रिटिश अखबार को दिए गए इंटरव्यू में अपने राजनीतिक जीवन, परिवार और देश के इतिहास से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। सोनिया गांधी के इन बयानों से एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बाबरी मस्जिद विध्वंस से लेकर देश में लगी इमरजेंसी तक खुलकर अपनी बात रखी है।
बाबरी विध्वंस पर छलके आंसू सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने 6 दिसंबर 1992 को टेलीविजन पर विवादित बाबरी ढांचा गिरते हुए देखा था और उसे देखकर वह रो पड़ी थीं। उन्होंने इसे धर्मनिरपेक्ष भारत के अस्तित्व के लिए एक लंबी और कठिन लड़ाई की शुरुआत बताया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उस समय उनकी अपनी पार्टी (कांग्रेस) की कुछ नाकामियों ने भी भाजपा और उसकी कट्टर हिंदुत्व राजनीति के उदय में योगदान दिया था। उन्हें तभी अहसास हो गया था कि महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के सेकुलर भारत को बचाने के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा।
इमरजेंसी और इंदिरा गांधी के फैसले पर दिया बयान देश में लगाई गई इमरजेंसी के मुद्दे पर सोनिया गांधी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में देश भर में हिंसक प्रदर्शन, आगजनी और व्यापक अशांति का माहौल था, ऐसे हालातों को संभालने के लिए इंदिरा गांधी प्रयास कर रही थीं।
हालांकि, उन्होंने यह भी साझा किया कि इमरजेंसी के फैसले पर खुद उनका परिवार बंटा हुआ था। उनके पति राजीव गांधी इस कदम के खिलाफ थे और उन्होंने अपनी मां से इसके बजाय अगले चुनाव तक इंतजार करने की सलाह दी थी। सोनिया गांधी के अनुसार, उस वक्त संजय गांधी का अपनी मां पर गहरा प्रभाव होने की चर्चा आम थी, जिससे परिवार के भीतर भी तनाव की स्थिति बढ़ गई थी।
