‘विश्व जल दिवस’ के अवसर पर जमशेदपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में “जल संरक्षण जागरूकता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के इको क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संसाधनों के संरक्षण के महत्व को रेखांकित करना और विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को जल संकट की गंभीरता और भविष्य में इसके प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें दैनिक जीवन में जल संरक्षण के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जुमिद तिरला गवंटा ट्रस्ट की सचिव एवं झारखंड की जल योद्धा चैंपियन श्रीमती अकाली टुडू ने जल संरक्षण पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल की बर्बादी रोकने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण जैसे व्यावहारिक उपायों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी ने जल संरक्षण की शपथ भी ली और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने जल-सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।
