रांची: RPF की बड़ी कार्रवाई; टिकट दलाल गिरफ्तार, चोरी के सामान के साथ आरोपी दबोचा और एक नाबालिग का किया रेस्क्यू

रांची: यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने एक साथ कई बड़े अभियानों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए जहाँ एक अवैध टिकट दलाल को रंगे हाथों दबोचा, वहीं चोरी के सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा ‘नन्हे फरिश्ते’ अभियान के तहत एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू भी किया गया।

शराब की बोतल और ₹200 एक्स्ट्रा लेकर बनाता था तत्काल टिकट

आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘उपलब्ध’ के तहत रांची रेलवे स्टेशन के पीआरएस बुकिंग काउंटर पर छापेमारी की गई। गुप्त सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक रंजीत कुमार और उनकी टीम ने कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति को तत्काल टिकट खरीदते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह जरूरतमंद यात्रियों से प्रति टिकट 200 रुपये अतिरिक्त और शराब की बोतल लेकर अवैध रूप से तत्काल टिकट बुक करता था। उसके पास से रांची से जम्मूतवी का तत्काल टिकट और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

CCTV की मदद से पकड़ा गया चोर, सामान बरामद

एक अन्य कार्रवाई में ‘रेल यात्री सुरक्षा अभियान’ के तहत आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 18636 में यात्रा कर रहे मोहित कुमार का चोरी हुआ सफेद रंग का बैग बरामद कर लिया। शिकायत मिलने के बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो एक संदिग्ध बैग लेकर उतरता दिखा। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर चौकसी बढ़ाकर सुबोध कुमार (निवासी: चतरा) को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹5,000 नकद, दस्तावेज, सूखे मेवे और अन्य कीमती सामान मिला। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया है।

‘नन्हे फरिश्ते’ बनकर बचाई नाबालिग की जिंदगी

आरपीएफ ने ‘नन्हे फरिश्ते’ अभियान के तहत रांची स्टेशन पर लावारिस घूम रही 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को अपने संरक्षण में लिया। बिहार के जमुई की रहने वाली यह बालिका रोजगार की तलाश में अपने परिजनों को बिना बताए चेन्नई जाने के लिए निकली थी। आरपीएफ ने कागजी कार्रवाई पूरी कर उसे सुरक्षित रूप से चाइल्डलाइन रांची को सौंप दिया है।

‘रेल मदद’ से पहुँचाया ₹25,000 का बैग

इसके अलावा, ‘रेल मदद’ पोर्टल पर मिली एक शिकायत पर त्वरित एक्शन लेते हुए आरपीएफ ने स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में छूटा एक यात्री का बैग बरामद किया। करीब 25 हजार रुपये की कीमत वाले इस बैग को इसकी मालकिन स्वीटी ब्यूटी को सुरक्षित सौंप दिया गया। बैग वापस पाकर यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *