20 नवंबर 2026 तक बिहार में 5 लाख करोड़ रुपए निवेश का लक्ष्य: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

मुंगेर में रविवार (26 अप्रैल 2026) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में बड़े निवेश और विकास योजनाओं को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य 20 नवंबर 2026 तक बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित करना है, जिससे युवाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर मिल सकें।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने असरगंज प्रखंड के अमैया पंचायत स्थित बैजलपुर गांव के काली मंदिर प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड को सुना। इस कार्यक्रम में बीजेपी विधायक, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी, एसपी सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास की जिम्मेदारी उनके लिए गर्व की बात है और सरकार का लक्ष्य राज्य को तेज गति से विकास की ओर ले जाना है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक, अंचल और थाना स्तर पर प्रशासनिक निगरानी को और मजबूत किया जा रहा है ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके।

मुख्यमंत्री ने ‘सहयोग कार्यक्रम’ की घोषणा करते हुए कहा कि अब हर पंचायत में महीने में दो दिन विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां राशन कार्ड, पेंशन, दाखिल-खारिज और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक महीने से अधिक लंबित फाइलों पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में सड़क, बिजली, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यों को और तेज किया जाएगा। 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के साथ-साथ हर घर तक सोलर ऊर्जा पहुंचाने पर भी काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कई क्षेत्रीय विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें डोल पहाड़ी को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना, देवघड़ा पहाड़ के लिए 26 करोड़ रुपये की स्वीकृति, सुल्तानगंज तक फोरलेन सड़क और मुंगेर-भागलपुर मरीन ड्राइव परियोजना शामिल है। इसके साथ ही बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गंगा जल को नदियों, डैम और झीलों तक पहुंचाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीरपैंती में पावर प्लांट सहित कई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिससे राज्य में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *