रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। चुटिया थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय को निशाना बनाते हुए बुधवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पेट्रोल बम फेंके। इस हमले के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
बाउंड्री वॉल के पास गिरे बम, एक में हुआ धमाका
शुरुआती जांच और चश्मदीदों के मुताबिक, दो अज्ञात युवकों ने सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर आरएसएस कार्यालय परिसर के भीतर फेंकने की कोशिश की थी। हालांकि, दोनों बोतलें मुख्य इमारत तक न पहुंचकर बाउंड्री वॉल के ठीक पहले ही गिर गईं। इनमें से एक बोतल में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई, जबकि दूसरा बम नहीं फट सका।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, FSL टीम तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मामले की जानकारी देते हुए रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया:
“अब तक की जांच में दो संदिग्ध युवकों की संलिप्तता सामने आई है। मामले की तह तक जाने के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) समेत पुलिस की कई स्पेशल टीमों को काम पर लगाया गया है।” — पारस राणा, सिटी एसपी, रांची
हमलावरों की पहचान और उनकी त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्यालय और उसके आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है ताकि आरोपियों के मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के जरिए उन तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की इस कोशिश को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है।
