घायल जवानों के समर्थन में उतरे दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मी, 31 जुलाई को जंतर-मंतर पर धरने की मांगी अनुमति

नई दिल्ली: संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के समर्थन में अब दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मी मैदान में आ गए हैं। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के संगठन ने हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर 31 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरने की अनुमति मांगी है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार को पत्र भेजकर ‘दिल्ली पुलिस महासंघ’ (सेवानिवृत्त अधिकारी संघ) ने 31 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 5 बजे तक एक दिवसीय प्रदर्शन की इजाजत मांगी है। संघ के अध्यक्ष और पूर्व एसीपी वेद भूषण ने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्वक हिस्सा लेने वाले छात्रों के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन असामाजिक तत्वों, गैंगस्टरों और उपद्रवियों के खिलाफ है जिन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई को आयोजित ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई झड़पों में 200 से अधिक पुलिसकर्मी और 65 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हुए थे, जबकि 15 से अधिक पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया था। संघ ने पुलिस प्रशासन को आश्वासन दिया है कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित यह धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, कोई मार्ग अवरुद्ध नहीं किया जाएगा और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *