नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित एक विशाल शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित इस रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत राज्य सरकार के कई मंत्रियों ने भी हिस्सा लेकर रक्तदान किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस शिविर में कुल 2,080 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के एक निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में सफल 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस शिविर से 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ दिल्ली में जनभागीदारी और सेवा की भावना को मजबूत कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “रक्तदान केवल रक्त देने का कार्य नहीं है, बल्कि यह एक महान संकल्प है जो मानवता, करुणा और सहानुभूति के पवित्र बंधन को और सुदृढ़ बनाता है।”
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। वह वर्ष 2001 में पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और 2014 में देश के प्रधानमंत्री निर्वाचित हुए। आगामी 7 अक्टूबर को एक जन-प्रतिनिधि के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
