नागपुर में नितिन गडकरी के आवास का घेराव करने पहुंचे युवा कांग्रेसी, E-20 ईंधन नीति के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कई हिरासत में

नागपुर: केंद्र सरकार की E-20 (एथनॉल मिश्रित) ईंधन नीति के विरोध में सोमवार को नागपुर में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर स्थित निजी आवास का ‘घेराव’ करने के उद्देश्य से एक विशाल विरोध मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

यह विरोध ‘मोर्चा’ नागपुर के महाल क्षेत्र में स्थित चितनवीस पार्क चौक से शुरू होकर केंद्रीय मंत्री गडकरी के आवास की ओर बढ़ रहा था। मार्च के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने E-20 ईंधन नीति की व्यावहारिक उपयोगिता और गाड़ियों पर पड़ने वाले इसके प्रभावों को लेकर सवाल उठाए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने चितनवीस पार्क चौक के पास ही भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं द्वारा आगे बढ़ने की कोशिश करने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। अंततः माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *