महुआडांड़ (लातेहार): महुआडांड़ थाना क्षेत्र के चटकपुर गांव में शुक्रवार को एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवती सुनैना कुमारी (पिता: नरेश राम) ने अपने घर के पास स्थित कुएं में कूदकर जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से मृतक युवती के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनैना शुक्रवार सुबह से ही अपने घर में नहीं दिख रही थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद उसका शव गांव के ही एक कुएं में मिला। परिजनों की सूचना के बाद महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।
