पटना: पटना शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ का बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति और उसकी गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की।
स्थल पर मौजूद अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना को उच्चतम गुणवत्ता मानकों के साथ तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का निर्माण पटना की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इसके पूर्ण होने से राजधानी वासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
