पटना: दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 1741) सोमवार सुबह लैंडिंग से ठीक पहले एक पक्षी की चपेट में आ गई। लैंडिंग के वक्त दाहिने इंजन के पास बर्ड हिट होने की सूचना मिलते ही जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया और रनवे पर दमकल की गाड़ियों को तैनात किया गया।
पायलट की सतर्कता से विमान सुबह 7:43 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कर गया, जिससे उसमें सवार सभी 164 यात्रियों की सांस में सांस आई। एयरपोर्ट निदेशक सीपी द्विवेदी ने घटना की पुष्टि की है। लैंडिंग के बाद हुई तकनीकी जांच में विमान का इंजन पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। सभी सुरक्षा मानकों की पड़ताल के बाद विमान करीब 79 मिनट की देरी से 160 यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
