रांची: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर और आसपास के औद्योगिक व ग्रामीण क्षेत्रों के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) के ठहराव को प्रयोगात्मक (Experimental) आधार पर मंजूरी दे दी है। यह ठहराव जल्द ही किसी सुविधाजनक तिथि से प्रभावी होगा।
यह फैसला राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। डॉ. वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई थी। उन्होंने तर्क दिया था कि मनोहरपुर स्टेशन राउरकेला, रांची और झारखंड-बंगाल मार्ग से जुड़ा एक प्रमुख केंद्र है, जिससे किरीबुरू, जामदा, गुवा और बड़बिल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के श्रमिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
सांसद के पत्र के बाद रेल मंत्रालय ने जुलाई 2025 में ‘ऑपरेशनल फीजिबिलिटी चेक’ (तकनीकी व्यावहारिकता जांच) के निर्देश दिए थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 अगस्त 2026 को रेलवे बोर्ड ने इस ठहराव को हरी झंडी दिखाई। निर्णय पर खुशी जताते हुए डॉ. प्रदीप वर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त किया तथा इसे जनहित की एक बड़ी उपलब्धि बताया।
