धनबाद अवैध कोयला खनन हादसे पर भड़के जयराम महतो, खाकी और खादी की साठगांठ पर साधा निशाना

धनबाद: कतरास रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर कुम्हारपट्टी में रविवार सुबह हुए अवैध कोयला उत्खनन हादसे को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने तीखा रुख अपनाया है। उन्होंने क्षेत्र में बेधड़क चल रहे अवैध कोयले के खेल को लेकर पुलिस प्रशासन (खाकी) और राजनीतिक संरक्षण (खादी) की साठगांठ पर सीधे तौर पर निशाना साधा है।

जयराम महतो ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस अवैध कारोबार से होने वाली काली कमाई का हिस्सा तंत्र में काफी ऊपर तक पहुंच रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक रसूखदारों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इसी अवैध धंधे के दम पर कई लोगों का आर्थिक व राजनीतिक प्रभाव बढ़ा है।

घटनास्थल का दौरा करेंगे जयराम महतो, निष्पक्ष जांच की मांग हादसे के बाद मामले को दबाने की आशंका जताते हुए विधायक ने कहा कि घटना को लीपापोती करने की पूरी कोशिश की जा सकती है, लेकिन वे जल्द ही खुद घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और पर्दे के पीछे सक्रिय मुख्य साजिशकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस हादसे ने एक बार फिर धनबाद कोयलांचल क्षेत्र में जारी अवैध खनन और सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है। फिलहाल पुलिस व प्रशासनिक जांच के बाद ही हादसे में हुई जान-माल की वास्तविक क्षति और कारणों का पूरा ब्योरा सामने आ सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *