जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब की एक बड़ी खेप को जब्त करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक XUV कार की डिक्की में छिपाकर ले जाई जा रही 330 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है। इस दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बागबेड़ा पुलिस ने जगन्नाथपुर जेल मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही XUV कार को रोककर तलाशी ली गई, जहां डिक्की में छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
दो आरोपी भेजे गए जेल, सिदगोड़ा में होनी थी डिलीवरी पुलिस ने कार सवार सिदगोड़ा ग्वाला बस्ती निवासी विकास विशाल उर्फ छोटू और धीरेन तांती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ में पता चला है कि इस शराब की खेप को सिदगोड़ा इलाके में खपाने की योजना थी।
कार मालिक समेत मुख्य आरोपियों की तलाश तेज डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार ने बताया कि जांच के दौरान इस गिरोह के अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। मामले में राजू मार्डी और XUV कार के मालिक को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस फिलहाल शराब के मुख्य स्रोत और इस सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।
