रांची: राजधानी रांची में अपराधियों के बुलंद हौसलों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी के घर को निशाना बनाते हुए उसकी बेटी को बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारी तोड़कर करीब 30 लाख रुपये नकद, 250 ग्राम सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
गोड्डा में पदस्थापित हैं पीड़ित सब इंस्पेक्टर घटना बूटी मोड़ के समीप वक्सफॉल फैक्ट्री के पास स्थित आवास की है। पीड़ित सब इंस्पेक्टर धनंजय शाही वर्तमान में गोड्डा जिले की पुलिस लाइन में पदस्थापित हैं और वारदात के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं थे।
तीज की खरीदारी के दौरान वारदात स्वजनों द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, 13 सितंबर को सब इंस्पेक्टर की पत्नी तीज पर्व की खरीदारी करने बाजार गई थीं और बेटा ट्यूशन पढ़ने गया हुआ था। घर में बेटी अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर अपराधी घर में दाखिल हुए और बेटी के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया।
सदमे में पीड़िता, जांच में जुटी पुलिस अपराधियों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 30 लाख कैश, 250 ग्राम सोना, चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान बैग में भरे और आसानी से निकल गए। घटना के बाद से पीड़िता गंभीर सदमे में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के CCTV फुटेज खंगालने और बदमाशों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
