गुवाहाटी: असम में दुर्लभ एक सींग वाले गैंडों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रयासों के सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि नवीनतम सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में एक सींग वाले गैंडों की कुल संख्या बढ़कर 3,260 हो गई है।
दुनिया के 80 प्रतिशत गैंडे असम में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वैश्विक स्तर पर एक सींग वाले गैंडों की कुल आबादी लगभग 4,075 है, जिसमें से अकेले 80 प्रतिशत गैंडे असम में निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि असम वर्तमान में इस विलुप्तप्राय प्रजाति के लिए दुनिया का सबसे सुरक्षित आश्रय स्थल बनकर उभरा है।
अवैध शिकार पर लगी पूर्ण लगाम राज्य सरकार की कड़ी निगरानी और संरक्षण नीतियों के कारण वर्ष 2025 में शिकार (Poaching) की एक भी घटना दर्ज नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने इस सफलता को रेखांकित करते हुए दोहराया कि सरकार इन दुर्लभ जीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
