गिरिडीह: झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का श्राद्धकर्म गुरुवार को गिरिडीह स्थित उनके रिसॉर्ट ‘उत्सव उपवन’ में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, कई विधायक और सांसद दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
सुदिव्य सोनू को याद करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनका अचानक चले जाना झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और पूरे राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना बेहद मुश्किल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मंत्री के रूप में सुदिव्य सोनू की सक्रियता और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण किसी से छिपा नहीं था। उन्होंने भावुक मन से कहा कि आज भी यह यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है कि सुदिव्य सोनू अब उनके बीच नहीं हैं।
श्राद्धकर्म के आयोजन की तैयारियों में मुख्यमंत्री की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी मुख्य भूमिका निभाई। वे एक दिन पूर्व बुधवार को ही गिरिडीह पहुंच गई थीं और उन्होंने सभी तैयारियों की खुद निगरानी की।
विपक्ष के नेता भी हुए शामिल दिवंगत मंत्री के श्राद्धकर्म में राजनीतिक मतभेदों से परे सभी दलों का जमावड़ा देखा गया। झामुमो, कांग्रेस और राजद के अलावा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भी कई वरिष्ठ नेता और विधायक श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सुदिव्य सोनू की झामुमो में एक मजबूत स्तंभ के रूप में पहचान थी और सोरेन परिवार से उनके बेहद आत्मीय संबंध थे।
