बगोदर। गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत औंरा स्थित संत पॉल्स हाई स्कूल के पास शुक्रवार रात जीटी रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से टकराए ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
