दुर्गा पूजा पर रांची में नहीं लगेगा जाम: जिला प्रशासन ने बनाया मास्टर प्लान, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई

रांची। आगामी दुर्गा पूजा त्योहार के दौरान राजधानी रांची में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

बैठक के दौरान डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के व्यस्त मार्गों पर बने अवैध कटों को तुरंत बंद किया जाए और संभावित जाम वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर एक मजबूत ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। इसके अलावा, सड़कों व फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और माइकिंग के जरिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है।

शहर में फुटपाथ दुकानों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी शहरी वार्डों में वेंडर मार्केट हेतु जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, प्रमुख चौक-चौराहों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ ऑटोमैटिक चालान व्यवस्था की समीक्षा की गई। बिजली के लटकते बेतरतीब तारों को हटाने और GAIL को सड़क खुदाई के गड्ढों को तुरंत भरकर सड़क दुरुस्त करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय और डीटीओ अखिलेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *