गिरिडीह। जिले के देवरी थाना क्षेत्र स्थित जमडीहा गांव में शनिवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमडीहा गांव का एक छात्र कोचिंग से पढ़ाई पूरी कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी छात्र पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। इस मारपीट में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को देवरी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलाम, शाहनवाज, मोहम्मद शाहशाह, मोहम्मद आरिफ और मिन्हाज के रूप में हुई है। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी रशीद फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
