रांची: राजधानी रांची के व्यस्ततम पिस्कामोड़ इलाके में शनिवार को मवेशी तस्करी के एक संदिग्ध मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने मवेशियों से लदी एक गाड़ी को घेर लिया और उसमें सवार एक संदिग्ध तस्कर को दबोच लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर वाहन को आग के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पिस्कामोड़ के पास से गुजर रहे एक वाहन पर स्थानीय लोगों को मवेशी लदे होने का संदेह हुआ। लोगों ने जब गाड़ी को रुकवाकर देखा, तो उसमें मवेशी भरे हुए थे। इस दौरान ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तुरंत गाड़ी में मौजूद एक व्यक्ति को पकड़ लिया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले वाहन में मौजूद सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने वाहन में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से पकड़े गए संदिग्ध तस्कर को हिरासत में ले लिया है और जलती हुई गाड़ी पर काबू पाया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और इस तस्करी के पीछे पूरा नेटवर्क कौन सा है।
