देवघर: देवघर स्थित सरकारी परिसदन (सर्किट हाउस) में सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। मंगलवार को झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पीए (निजी सहायक) के कमरे में एक अज्ञात युवक घुस गया और वहां रखे बैग खंगालने लगा।
रंगे हाथ पकड़े जाने पर भागा संदिग्ध
जानकारी के मुताबिक, यह कमरा बाबूलाल मरांडी के पीए मिथिलेश कुमार और विनय मुर्मू को आवंटित किया गया था। जिस वक्त संदिग्ध युवक कमरे में घुसकर बैग की तलाशी ले रहा था, उसी दौरान कमरे में मौजूद अन्य लोगों की नजर उस पर पड़ गई। पकड़े जाने के डर से आरोपी तुरंत मौके से भागने लगा।
भागते हुए युवक का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
परिसदन में मौजूद लोगों ने युवक को खदेड़कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। हालांकि, भागने के दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसका एक वीडियो बना लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कड़ी सुरक्षा वाले परिसदन परिसर में वह युवक कैसे दाखिल हुआ।
