रांची के नामकुम में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली दुर्घटना टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के पुरुलिया रोड स्थित सिलवे में हुई, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वैगनआर कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी घटना नामकुम थाना क्षेत्र के रायसा मोड़ के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

पहली घटना: अनियंत्रित वैगनआर कार ने कई लोगों को रौंदा

पहली घटना में मृत व्यक्ति की पहचान 42 वर्षीय सूरज साव के रूप में हुई है, जो भवानी कॉलोनी के रहने वाले थे। इस दुर्घटना में मिश्रा टोली के रहने वाले प्रकाश महतो और कृष्णा बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात से आठ लोग सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान पुरुलिया की ओर से आ रही वैगनआर कार (JH 01 DG 3509) अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कार में की तोड़फोड़

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने अनियंत्रित कार में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी के अनुसार, कार में तीन महिलाएं और एक युवक सवार थे, जो पुरुलिया से किसी अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और कार समेत उसमें सवार लोगों को अपने साथ थाने ले गई।

दीपावली की छुट्टी पर घर आए थे सूरज साव

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सूरज साव ‘भेल इंडिया, हरिद्वार’ में कार्यरत थे। वह दीपावली की छुट्टी पर 5 नवंबर को अपने घर रांची आए थे। उन्हें 10 नवंबर को वापस हरिद्वार लौटना था, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने उनकी और उनके परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।

दूसरी घटना: रायसा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने राहगीर को कुचला

दूसरी घटना नामकुम थाना क्षेत्र के रायसा मोड़ के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल जा रहे 35 वर्षीय ललसाय मुंडा की मौत हो गई। वह ककड़ा हुआंगहातू निवासी हिंदू मुंडा के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों ही मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *