भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुखर हुई बीजेपी: लोकभवन के सामने दिया धरना, सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग

रांची: झारखंड में जनजातीय महिलाओं के खिलाफ कथित अत्याचार के मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। मंगलवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को लेकर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

मुख्यमंत्री के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग

धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘जनजातीय विरोधी’ करार दिया। उनका कहना था कि झारखंड में आदिवासी महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार दोषियों पर नकेल कसने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। इन मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की।

इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, नेत्री गंगोत्री कुजूर, एसटी मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता पिंकी खोया, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई प्रमुख नेता शामिल रहे।

राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के पश्चात, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महिला मोर्चा के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गीता कोड़ा के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल ने विधायक भूषण बाड़ा की जल्द गिरफ्तारी और जनजातीय महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *