रांची: जेपीएससी-जेएसएससी विवाद पर विधानसभा के बाहर बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन, छात्रों के आंदोलन पर गरमाई सियासत

रांची। झारखंड विधानसभा में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) विवाद को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। मानसून सत्र के दौरान सदन के बाहर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों का किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है। भाजपा छात्रों की जायज मांगों का पूरा समर्थन करती है और उनके हक की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।

दूसरी ओर, सरकार की तरफ से कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि प्रशासन लगातार अभ्यर्थियों के संपर्क में है और सरकार ने उनकी अधिकांश मांगें स्वीकार कर ली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व आंदोलन में शामिल होकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भरोसा जताया कि बातचीत के जरिए ही सर्वमान्य समाधान निकाला जाएगा।

इस बीच, जेएलकेएम विधायक जयराम महतो ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिनभर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद अचानक रात के अंधेरे में लाठीचार्ज किसके आदेश पर किया गया? उन्होंने इसे बर्बरतापूर्ण बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *