बोकारो: माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनडीह मेन रोड पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 8 बजे एक चिकन दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
घटना के वक्त दुकान से उठते धुएं को देखकर दुकानदार आमिर सोहेल मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दुकान का शटर खोलने की कोशिश की, अंदर से आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास स्थित दर्जनों दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लगभग 6 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
