चुनाव आयोग को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने उनके तुरंत इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को अपने पद से हटकर इस पूरे मामले में ‘सरकारी गवाह’ बन जाना चाहिए।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव और हालिया विधानसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली हुई थी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के दो अन्य आयुक्तों के कथित बयानों ने कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों को और मजबूती दी है।
ज्ञानेश कुमार पर देश के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव संस्था में जो स्थिति बनी है, उसके जिम्मेदार मुख्य चुनाव आयुक्त ही हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने ही ज्ञानेश कुमार को इस पद पर नियुक्त किया था। कथित ‘वोट चोरी’ के दम पर चुने गए प्रतिनिधियों और उनके द्वारा बनाए गए कानूनों की वैधता पर अब गंभीर सवाल खड़े होते हैं।”
दूसरी ओर, इस पूरे विवाद और राहुल गांधी के आरोपों पर सत्ता पक्ष की ओर से पलटवार करते हुए कहा गया है कि कांग्रेस नेता में समझ और ज्ञान की कमी है और वे जमीनी असलियत को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
