देवघर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 1 मासूम की मौत, 6 बच्चे घायल

देवघर: झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां चितरा-नारगी मुख्य मार्ग पर मंझलीबाद के समीप एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बच्चों से भरी स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे मासूम मिली जानकारी के अनुसार, नारगी मोड़ स्थित ‘एमडी एकेडमी’ में दोपहर को छुट्टी होने के बाद स्कूल वैन बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। जैसे ही वैन मंझलीबाद के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसे सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

चीख-पुकार सुन पहुंचे स्थानीय लोग हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस व निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

दो बच्चों की हालत नाजुक अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल आधा दर्जन बच्चों का इलाज जारी है, जिनमें से दो बच्चों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *