चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कराईकेला थाना क्षेत्र के कुईतुका गांव में संचालित एक अवैध चुलाई शराब की भट्ठी पर अचानक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने अवैध भट्ठी को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। मौके से 41 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई और शराब तैयार करने के लिए रखा गया लगभग 500 किलोग्राम जावा-महुआ नष्ट कर दिया गया।
इस छापेमारी के दौरान शराब बेच रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
