गिरिडीह/बेंगाबाद: झारखंड के गिरिडीह जिले से ‘शोले’ फिल्म के वीरू जैसा एक असल जिंदगी का हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलदा गांव में सोमवार (18 मई 2026) की सुबह एक 30 वर्षीय सिरफिरा आशिक प्यार में नाकाम होने और पुलिस केस से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह 5 बजे से शुरू हुआ यह तमाशा घंटों चलता रहा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
केस दर्ज होने से नाराज था युवक
मिली जानकारी के मुताबिक, टावर पर चढ़े युवक का नाम संजय रजक है। बताया जा रहा है कि संजय को गिरिडीह शहर की रहने वाली एक युवती से प्यार हो गया था। हालांकि, लड़की के परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और उन्होंने संजय के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा दी थी। इसी बात से आक्रोशित होकर संजय सुबह-सुबह गांव के मोबाइल टावर के शीर्ष पर जा बैठा।
पुलिस और प्रेमिका की मिन्नतें भी रहीं बेअसर
घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों तक संजय को समझाने और नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी और स्थानीय मुखिया ने सूझबूझ दिखाई और उस युवती को भी मौके पर बुलाया जिससे संजय प्यार करता है। प्रेमिका ने भी लाउडस्पीकर और इशारों से संजय से नीचे उतरने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन सनकी आशिक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
काफी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद भी जब युवक नीचे नहीं उतरा, तो पुलिस ने रणनीति बदलते हुए थोड़ा पीछे हटने का फैसला किया, हालांकि स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम दूर से स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।
