गिरिडीह में 6 साल की मासूम से दरिंदगी, आरोपी रोजगार सेवक गिरफ्तार; बगोदर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक सरकारी कार्यालय परिसर के पास खेल रही 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोजगार सेवक को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बगोदर प्रखंड का रोजगार सेवक प्रयाग यादव (निवासी गिरिडीह) इस जघन्य अपराध का आरोपी है। मासूम बच्ची सरकारी दफ्तर के परिसर में अकेली खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसे अकेला पाकर दरिंदगी का शिकार बनाया।

घटना के बाद पीड़ित मासूम जब रोती-बिलखती अपने घर पहुँची और परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी, तो परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद आक्रोशित परिजन बगोदर थाना पहुँचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आई और त्वरित छापेमारी कर आरोपी प्रयाग यादव को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच जारी, मेडिकल के लिए भेजी गई मासूम:

मामला पोक्सो अधिनियम और नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस काफी संवेदनशीलता बरत रही है। सूत्रों के अनुसार, पीड़िता को चिकित्सीय जांच (मेडिकल एग्जामिनेशन) के लिए भेज दिया गया है, वहीं गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *