झारखंड के गिरिडीह जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक बड़े नापाक मंसूबे को वक्त रहते नाकाम कर दिया है। पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) की टीम ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में 494 जिलेटिन स्टिक, 16 कमर्शियल डेटोनेटर और करीब 1800 मीटर कॉर्डेक्स वायर शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, नक्सली इस विस्फोटक का इस्तेमाल किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए करने वाले थे।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को 28 अक्टूबर की रात एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में पारसनाथ के पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों द्वारा हथियार और विस्फोटक छिपाए जाने की आशंका जताई गई थी।
इसके बाद, सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भाष्कर और खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, जैप और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम गठित की गई।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ खुलासा संयुक्त टीम ने 29 अक्टूबर की सुबह से लेकर दोपहर तक कानीडीह, चतरो, जोकाई नाला और सतकटिया के जंगलों में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए ‘एमुलडाइन’ (EMULDYNE) कंपनी के 494 जिलेटिन स्टिक, 16 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कमर्शियल डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर के 9 बंडल (प्रत्येक बंडल में लगभग 200 मीटर वायर) बरामद किए गए। सुरक्षाबलों की इस मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया है और इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
