गिरिडीह में दर्दनाक वारदात: 3 दिन से मौसी के घर से लापता 6 साल के मासूम शशि का पुलिया के पास झाड़ियों में मिला शव, सनसनी

झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरिया थाना क्षेत्र के परसिया पंचायत अंतर्गत भुरकाडीह टोला से पिछले तीन दिनों से लापता छह वर्षीय बच्चे शशि कुमार का शव रविवार शाम गांव के बाहर एक पुलिया के पास झाड़ियों में बरामद किया गया। मासूम का शव मिलने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मौसी के घर रहकर कर रहा था पढ़ाई, 13 नवंबर से था लापता:

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शशि कुमार मूल रूप से हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बसरूपुरा का रहने वाला था और वह सरिया में अपनी मौसी के घर रहकर रह रहा था। वह बीते 13 नवंबर की शाम अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार रविवार की शाम उसका शव गांव के किनारे बने पुलिया के पास झाड़ियों में मिला।

हत्या या हादसा? उलझी गुत्थी, पुलिस जांच में जुटी:

मासूम की इस तरह संदिग्ध मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं और रोष व्याप्त है। कई ग्रामीणों का मानना है कि बच्चे की हत्या कर उसके शव को झाड़ियों में फेंका गया है, वहीं कुछ लोग इसे किसी हादसे से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, मौत के असली कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही सरिया एसडीपीओ धनंजय राम और थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दौरान भाकपा माले के राष्ट्रीय कमेटी सदस्य भोला लाल मंडल और पवन महतो समेत कई गणमान्य लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

तीन दिनों से लापता बच्चे का इस तरह शव मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस की गहन छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *