IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा: IIT, IIM और लंदन की करोड़ों की नौकरी छोड़ बनी थीं अफसर, भावुक पोस्ट में लिखी दिल की बात

उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वर्तमान में यूपी के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत दिव्या मित्तल के इस फैसले से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पत्र साझा कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी।

दिव्या मित्तल उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने IIT दिल्ली से B.Tech और IIM बैंगलोर से MBA करने के बाद लंदन में जेपी मॉर्गन जैसी दिग्गज कंपनी में करोड़ों के पैकेज पर काम किया। हालांकि, देश सेवा के जज्बे के कारण वह भारत लौटीं और UPSC 2012 में ऑल इंडिया 68वीं रैंक हासिल कर IAS बनीं।

अपने कार्यकाल के दौरान मिर्जापुर, संतकबीरनगर और देवरिया में बतौर जिलाधिकारी (DM) उनकी कार्यशैली को काफी सराहा गया। विशेष रूप से मिर्जापुर के पहाड़ी गांव लहुरियादह में आजादी के 75 साल बाद पहली बार नल से जल पहुंचाने के ऐतिहासिक कार्य के लिए उन्हें काफी प्रसिद्धि मिली। अपने इस्तीफे की घोषणा में उन्होंने भावुक होकर लिखा कि उन्हें लगता था कि वह देश को कुछ देने आई हैं, लेकिन प्रशासनिक सेवा में रहकर उन्होंने सबसे ज्यादा पाया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *