जादूगोड़ा में आंधी-तूफान का कहर: धोबनी गांव में भारी तबाही, खुले आसमान नीचे रहने को मजबूर पीड़ित परिवार

जादूगोड़ा: क्षेत्र के धोबनी गांव में शुक्रवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण कई गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ गए हैं। घटना के बाद बेघर हुए प्रभावित परिवारों ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल मदद की गुहार लगाई है।

शाम 4 बजे आई आंधी ने उजाड़े आशियाने

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इस तूफान ने धोबनी गांव में जमकर उत्पात मचाया। प्रभावित ग्रामीणों में से एक चरण बास्के ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि आंधी में उनके घर की छत पर लगा लगभग एक लाख रुपये का एस्बेस्टस टूटकर बिखर गया। इस भीषण गर्मी के बीच अब उनके पास रहने के लिए छत नहीं बची है और पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।

मुखिया से तत्काल आर्थिक मदद की मांग

तबाही का मंजर देखने के बाद ग्रामीणों ने डोमजुड़ी पंचायत के मुखिया से संपर्क कर तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार अपने रहने के लिए कोई अस्थायी व्यवस्था कर सकें।

24 घंटे बाद भी प्रशासन मौन, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

इस पूरी घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आपदा के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी या स्थानीय जनप्रतिनिधि सुध लेने नहीं पहुंचा है। राहत और बचाव की कोई ठोस कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है। पीड़ित परिवारों ने सरकार से मांग की है कि उनके नुकसान का आकलन कर घर की मरम्मत के लिए जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *