रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिली है। शनिवार शाम राजधानी रांची समेत कई जिलों में हुई झमाझम बारिश के बाद रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है।
रविवार सुबह रांची में हल्का कोहरा देखा गया, हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई। बावजूद इसके मौसम में ठंडक बनी हुई है। शनिवार को हुई बारिश के कारण कई जगहों पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ था और लोगों को एक बार फिर हल्की ठंड का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि बीते दिन जारी ऑरेंज अलर्ट की तुलना में आज स्थिति थोड़ी सामान्य रहने की संभावना है।
इन जिलों में अधिक असर
गढ़वा, लोहरदगा, लातेहार और पलामू समेत राज्य के कई जिलों में वज्रपात और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव आया है और अगले 2 से 3 दिनों तक ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं।
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है। मौसम में अचानक बदलाव के कारण सर्दी-खांसी और एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
23 मार्च के बाद बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, 23 मार्च के बाद राज्य का मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। आने वाले दिनों में गर्मी फिर से अपना असर दिखाएगी।
