31 मार्च को चाईबासा आएंगे राहुल गांधी, झारखंड कांग्रेस में उत्साह की लहर

रांची: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत देशभर में नव-नियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड में भी झारखंड और उड़ीसा के जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप चाईबासा स्थित टीआरटीसी में 22 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन, 31 मार्च को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर झारखंड कांग्रेस में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि इस कैंप में जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के इतिहास, संगठनात्मक संरचना और उसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और संगठन विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जिला अध्यक्षों को जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं को समझने के लिए दो दिनों का फील्ड विजिट भी कराया जाएगा, ताकि वे आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर सकें।

इस ट्रेनिंग कैंप में उड़ीसा के 35 और झारखंड के 25 जिला अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा उड़ीसा प्रभारी अजय कुमार लल्लू, प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरणदास, केंद्रीय वार रूम इंचार्ज एवं सांसद शशिकांत सेंथिल, सह प्रभारी जट्टी कुसुम कुमार, मयूर जयकुमार, झारखंड प्रभारी के राजू, सीरीबेला प्रसाद और भूपेंद्र मरावी भी मौजूद रहेंगे।

प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे। इनमें विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, बंधु तिर्की सहित अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं।

झारखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में शामिल होने से कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्षों में नई ऊर्जा का संचार होगा। पार्टी को उम्मीद है कि इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ता अधिक सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *