नयी दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के केंद्रीय पुस्तकालय में इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) के एक प्रतिनिधि के प्रस्तावित कार्यक्रम को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (JNUSU) के भारी विरोध के बाद रद्द कर दिया गया है। शुक्रवार को जेएनयूएसयू के सदस्यों ने पुस्तकालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर कार्यक्रम पर आपत्ति जताई थी।
प्राप्त जानकारी और छात्र संघ द्वारा साझा किए गए पोस्टरों के अनुसार, केंद्रीय पुस्तकालय में ‘एम्पॉवरिंग यूथ फॉर ए ब्राइटर फ्यूचर’ (Empowering Youth for a Brighter Future) शीर्षक से एक सत्र आयोजित होना था। इस सत्र में “ईक्यू (EQ), आईक्यू (IQ) और एसक्यू (SQ) में संतुलन” विषय पर इस्कॉन प्रतिनिधि का व्याख्यान प्रस्तावित था।
जेएनयूएसयू के महासचिव सुनील यादव ने बताया कि इससे पहले नवंबर 2025 में भी विश्वविद्यालय परिसर में भगवद गीता आधारित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन को पत्र सौंपकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। छात्र संघ ने जेएनयू के सम्मेलन केंद्र और परिसरों के इस्तेमाल से जुड़े नियमावली का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार किसी भी राजनीतिक या धार्मिक संगठन को परिसर में कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती। JNUSU की आपत्ति और विरोध प्रदर्शन के बाद अंततः प्रशासन को कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
