झारखंड के कोडरमा में रेल पुलिस ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13305 अप) से 22 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने यह कार्रवाई ट्रेन के साधारण कोच में लावारिस हालत में रखे एक गुलाबी सूटकेस और दो प्लास्टिक की बाल्टियों से की है। जब्त की गई शराब की कुल कीमत 16,210 रुपये आंकी गई है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
3 नवंबर को कोडरमा रेल पुलिस की टीम निरीक्षक प्रभारी के निर्देशन में ट्रेन में संदिग्ध सामानों की जांच कर रही थी। चेकिंग अभियान के दौरान जब ट्रेन गुंझडी और दिलवा स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तो सुबह करीब 8:15 बजे साधारण कोच की लगेज सीट पर एक गुलाबी सूटकेस और दो प्लास्टिक की बाल्टियां संदिग्ध अवस्था में मिलीं।
यात्रियों से पूछताछ में नहीं मिला कोई दावेदार
पुलिसकर्मियों ने कोच में मौजूद सभी यात्रियों से उस सामान के मालिक के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी सूटकेस और बाल्टियों पर अपना अधिकार या दावा नहीं जताया। इसके बाद शक होने पर पुलिस ने गवाहों के सामने जब सामान की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब और बीयर मिली।
सूटकेस और बाल्टियों से बरामद शराब का विवरण:
- किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर: 500 एमएल के 23 कैन
- रॉयल स्टैग व्हिस्की: 375 एमएल की 16 बोतल
- मैजिक मोमेंट्स: 375 एमएल की 4 बोतल
- सिग्नेचर प्रीमियर: 375 एमएल की 4 बोतल
- बैकार्डी लिमोन: 375 एमएल की 4 बोतल
पुलिस ने सभी अवैध शराब को सुबह 8:25 बजे विधिवत जब्त कर लिया और इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
