Palamu Tiger Reserve: पलामू टाइगर रिजर्व में फिर गूंजेगी बाघों की दहाड़, 2 बाघिन और 1 बाघ लाने की तैयारी, 50 से शून्य हो गई थी संख्या

Palamu Tiger Reserve News: झारखंड के इकलौते पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) का खोया हुआ गौरव वापस लौटाने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। कभी बाघों की बेरोक-टोक मौजूदगी के लिए मशहूर इस जंगल में अब एक बार फिर बाघों का कुनबा बसाने की बड़ी तैयारी चल रही है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के बाघ पुनर्वास और स्थानांतरण कार्यक्रम के तहत जल्द ही रिजर्व में दो बाघिन और एक बाघ लाने की योजना है। इसके लिए वन विभाग सुरक्षा, भोजन और अनुकूल वातावरण पुख्ता करने में जुटा है।

सरिस्का और पन्ना मॉडल से संवरेगा पीटीआर पलामू टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए देश के अन्य राज्यों में सफल रहे पुनर्वास मॉडल को अपनाया जाएगा। बता दें कि राजस्थान के सरिस्का और मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में कभी बाघों की संख्या शून्य हो गई थी, लेकिन दूसरे क्षेत्रों से बाघों को लाकर वहां दोबारा इनकी सफल आबादी स्थापित की गई। इसी तर्ज पर अब पीटीआर में भी बाघों को बसाने की योजना पर काम चल रहा है। इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) रवि रंजन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (नोडल) एटी मिश्रा और आईएफएस राजकुमार बाजपेयी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र निदेशक एसआर नटेश के साथ रिजर्व के सुदूरवर्ती इलाकों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।

कभी 50 से अधिक थे बाघ, 2018 में हो गई थी संख्या शून्य पलामू टाइगर रिजर्व का इतिहास बाघों के मामले में काफी समृद्ध रहा है। वर्ष 1973-74 में देश में जब ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ की शुरुआत हुई थी, तब यहां 50 से अधिक बाघ मौजूद थे। हालांकि, समय के साथ नक्सली गतिविधियों, अवैध शिकार और मानवीय हस्तक्षेप के कारण इनकी संख्या में लगातार गिरावट आती गई। स्थिति यह हो गई कि वर्ष 2018 की बाघ गणना में रिजर्व में एक भी बाघ नहीं बचा और संख्या शून्य हो गई। बाघों की अनुपस्थिति का असर यहां की पहचान और पर्यटन पर भी पड़ा था, जिसे अब बदलने की तैयारी है।

1129 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में हाईटेक सुरक्षा और कड़े इंतजाम नए मेहमानों (बाघों) के आने से पहले उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना वन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। करीब 1129 वर्ग किलोमीटर में फैले इस रिजर्व में सुरक्षा के पुख्ता और हाईटेक इंतजाम किए जा रहे हैं। शिकारियों और वन्यजीव तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही, जंगल में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी है ताकि बाघों को पूरी तरह सुरक्षित प्राकृतिक माहौल मिल सके।

शिकार के लिए बढ़ाई जाएगी शाकाहारी जीवों की संख्या बाघों को जंगल में पर्याप्त और प्राकृतिक शिकार (प्रे बेस) मिल सके, इसके लिए रिजर्व प्रबंधन ने शाकाहारी वन्यजीवों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। जंगल में उनके लिए चारा और पानी की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा, वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टाइगर रिजर्व के बीच से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक को डायवर्ट करने और पीटीआर क्षेत्र की सड़कों पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *