सिद्धपीठ रजरप्पा और चितरपुर थाना क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध शराब के काले कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश लुनायत के निर्देश पर रजरप्पा पुलिस ने बुधवार को विभिन्न होटलों और संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हजारों रुपये मूल्य की अवैध बीयर और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के होटल संचालकों और अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल है।
मामले का खुलासा करते हुए रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रजरप्पा मोड़ और आसपास के होटलों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रजरप्पा मोड़ स्थित सूर्या होटल, राजवाड़ा होटल, रोशन लाइन होटल और झारखंडी होटल में एक साथ दबिश दी।
इस दौरान पुलिस को सबसे बड़ी सफलता रजरप्पा मोड़ स्थित ‘सूर्या होटल’ में मिली, जहां से विभिन्न नामी ब्रांडों की करीब 49 लीटर बीयर और 11 लीटर अंग्रेजी शराब (कुल 125 बोतलें) बरामद की गईं। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹40,000 बताई जा रही है। अवैध शराब की बिक्री में संलिप्तता पाए जाने पर सूर्या होटल के संचालक और प्रबंधक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी अभियान के तहत जब पुलिस टीम चितरपुर पहुंची, तो शराब दुकान के समीप सुनसान स्थान पर खड़े संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की गई। मौके से पुलिस ने नियम उल्लंघन और अवैध पार्किंग के मामले में 1 टोटो और 8 मोटरसाइकिलों को जब्त कर उनका चालान काटा।
