रांची : ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख पर्व-त्योहारों को लेकर रांची नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम प्रशासन विशेष रूप से बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दे रहा है।
नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ-साथ पेयजल, अस्थायी शौचालय और जुलूस मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है। सभी प्रमुख पूजा स्थलों और जुलूस मार्गों को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ने बताया कि निगम के सभी अधिकारियों के साथ-साथ जलापूर्ति, बिजली और सफाई से जुड़े विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जहां जरूरत होगी, वहां पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। खासकर पूजा समितियों को प्राथमिकता के आधार पर पेयजल की व्यवस्था दी जाएगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि दुर्गा पूजा की तरह इस बार भी त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बस सेवा चलाई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य यह है कि श्रद्धालु पूजा और जुलूस में शामिल होने के बाद आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
