राजधानी रांची में 21 मार्च 2026 (शनिवार) को ईद और प्राकृतिक पर्व सरहुल को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। प्रशासन ने सुबह 6 बजे से रात करीब 12 बजे तक शहर में भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस संबंध में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने विस्तृत जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि ईद की नमाज समाप्त होने तक हरमू रोड, मेन रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं सरहुल की शोभा यात्रा को लेकर दोपहर 12 बजे से मेन रोड पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
हरमू बाईपास रोड पर सुबह 6 बजे से नमाज समाप्त होने तक किशोरगंज चौक से रातू रोड चौक के बीच वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। छोटे वाहनों को किशोरगंज चौक से डायवर्ट कर रांची लेक रोड (बड़ा तालाब) होते हुए अपर बाजार की ओर भेजा जाएगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के व्यावसायिक वाहन को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
आंबेडकर चौक से राजेंद्र चौक तक का मार्ग भी बंद रहेगा। वाहन युवराज होटल की ओर से राजेंद्र चौक के पश्चिमी हिस्से से आ-जा सकेंगे। इसके अलावा रतन पीपी से गुप्ता भंडार के बीच मेन रोड पर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
डोरंडा और अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। सुजाता चौक, क्लब रोड, कडरू ब्रिज, कांटाटोली और बहुबाजार मार्गों से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
शहर के कई अन्य प्रमुख मार्गों जैसे प्लाजा चौक से लालपुर चौक, शहीद चौक से गांधी चौक, हिल व्यू से बरियातू मस्जिद तक भी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सर्कुलर रोड, जेल चौक, कमिश्नर चौक, रेडियम चौक और अन्य क्षेत्रों में भी सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
प्रशासन ने मेन रोड स्थित सैनिक मार्केट, काली मंदिर चौक, टैक्सी स्टैंड, फिरायालाल और हरमू ईदगाह के लिए रातू रोड स्थित गोशाला के सामने पार्किंग की व्यवस्था की है।
पूरे शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
