राजधानी रांची के नगड़ी क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। रांची-लोहरदगा रेलमार्ग पर नगड़ी महतो टोली के पास जल्द ही रेलवे अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा, जिससे किसानों की सालों पुरानी आवागमन की समस्या का समाधान हो सकेगा।
हटिया विधायक नवीन जायसवाल के साथ मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने रेलवे केएम 434/5 के समीप प्रस्तावित अंडरपास स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और किसान मौजूद रहे, जिन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी परेशानियां रखीं।
किसानों के आंदोलन का दिखा असर
खास बात यह है कि नगड़ी क्षेत्र में किसानों के चल रहे आंदोलन के दूसरे ही दिन रेलवे अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद डीआरएम ने ग्रामीणों और मीडिया को जानकारी दी कि महतो टोली के समीप अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए सबसे पहले विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, अगले 8 से 10 महीनों के भीतर इस कार्ययोजना को पूरी तरह से जमीन पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे किसानों और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
खेत आने-जाने में होती थी भारी परेशानी
स्थानीय किसानों की मुख्य समस्या यह थी कि रेलवे लाइन के दूसरी ओर उनकी सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि है। आवागमन का उचित साधन न होने के कारण उन्हें खेतों तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे उनकी खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। इसी मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे और बात न बनने पर उन्होंने आंदोलन का रास्ता चुना था।
निरीक्षण के दौरान हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने भी इस मांग को पूरी तरह से जायज ठहराया और रेलवे से प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द अंडरपास का निर्माण शुरू कराने की अपील की।
